Lucknow News: आशियाना में अनियंत्रित होकर नाले में गिरी कार, मासूम और बुजुर्ग समेत 3 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार कार सीधे खुले नाले में जा गिरी। कार में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग, उनका दो साल का मासूम नाती और एक महिला केयरटेकर सवार थे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मुस्तैदी और स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी कार सवारों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
किला मोहम्मदी के पास हुआ हादसा
राजाजीपुरम (एफ ब्लॉक, तालकटोरा रोड) के रहने वाले दीपक कुमार (71) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी आशिमा आशियाना के सेक्टर-आई में रहती हैं और अपोलो अस्पताल में कार्यरत हैं। गुरुवार को वे अपनी बेटी के घर गए थे और अपनी कार (UP 32 KB 7699) से दो वर्षीय नाती अनहद को स्कूल से पिक करके केयरटेकर रेखा के साथ वापस सेक्टर-आई लौट रहे थे। इसी दौरान किला मोहम्मदी के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी।

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही आशियाना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और दमकल विभाग को अलर्ट किया। आलमबाग फायर स्टेशन से हाइड्रोलिक वैन और क्रेन को घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग आधे घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार और उसमें फँसे तीनों लोगों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
Also Read: मायावती का बड़ा एक्शन, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अंटू मिश्रा को बसपा से किया निष्कासित

