सिंधु जल संधि निलंबन पर बौखलाया पाकिस्तान, शहबाज़ शरीफ ने दी भारत को चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत द्वारा ऐतिहासिक सिंधु जल संधि को स्थगित किए जाने के निर्णय पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कड़ा ऐतराज जताया है। इस्लामाबाद में यादगार-ए-फ़तह कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जल संसाधन पाकिस्तान के लिए जीवन रेखा हैं और इसके साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस संधि को एकतरफा तौर पर निलंबित करने की घोषणा की थी, जिससे पाकिस्तान में जल संकट गहराने का डर बना हुआ है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जताया आभार

अपने भाषण में वैश्विक कूटनीति का जिक्र करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने दावा किया कि पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ बनकर तनाव कम करने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप के कारण ही भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम संभव हो सका था। उन्होंने मध्य पूर्व में शांति बहाली के प्रयासों के लिए अपने सेना प्रमुख असीम मुनीर और विदेश मंत्री इसहाक डार की भूमिका को भी सराहा।

आतंकवाद पर सख्त रुख का किया ऐलान

पड़ोसी देश अफगानिस्तान के साथ जारी तनाव पर बोलते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश क्षेत्रीय शांति का समर्थक है। हालांकि, उन्होंने तालिबान प्रशासन को चेतावनी देते हुए साफ किया कि अगर अफगान धरती का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकी गतिविधियों या सीमा पार हमलों के लिए हुआ, तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

Also Read: IND vs SL: सरफराज खान को नहीं मिला मौका, इस खिलाड़ी को Playing XI में जगह मिलने की उम्मीद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.