6 माह की गर्भवती युवती का बगीचे में मिला शव, नई बिछिया और मांग में लिपिस्टिक से उठे सवाल
Kanpur News: कानपुर के घाटमपुर में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती का शव बगीचे में मिला। युवती करीब एक महीने से लापता थी और पोस्टमार्टम में उसके छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। शव तिलसड़ा रोड स्थित बगीचे में एक पेड़ के नीचे मिला। वह अपने लाल दुपट्टे पर रखी थी। उसके पैरों में नई बिछियां थीं, जबकि मांग में लिपिस्टिक से सिंदूर जैसा निशान बनाया गया था। होंठों पर भी लिपिस्टिक लगी थी और माथे पर लाल बिंदी थी।
परिजनों ने युवती के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि जहर से मौत हुई हो सकती है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखा है।
प्रेमी के बुलाने पर गई थी कानपुर
परिजनों के मुताबिक युवती बीएससी करने के बाद गुरुग्राम मेट्रो में नौकरी कर चुकी थी। बाद में कानपुर में एक कंपनी में काम करने लगी, जहां उसकी एक युवक से नजदीकी हुई। परिवार का कहना है कि युवक ने शादी का भरोसा दिया था। तीन महीने पहले युवती गांव लौटी थी। 11 जुलाई को प्रेमी के बुलाने पर फिर कानपुर गई, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की। मोबाइल की सीडीआर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को एक एंबुलेंस भी कैमरे में दिखाई दी है।
पोस्टमार्टम में डीएनए सैंपल भी सुरक्षित
तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया। गर्भ का डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखा गया है, ताकि आरोपी मिलने पर मिलान कराया जा सके।
जिस बगीचे में शव मिला, वहां बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें और गिलास भी मिले हैं। पुलिस ने कुछ सामान कब्जे में लिया है। अब सीडीआर, सीसीटीवी और फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस मौत की वजह और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।
Also Read: जेपी नड्डा की बिगड़ी तबीयत, AIIMS में भर्ती, एंजियोग्राफी के बाद हालत स्थिर

