लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण की तैयारी

Lucknow News: लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने 101 अवैध इमारतों की सूची तैयार की है। इनमें बिना स्वीकृत नक्शे के बने कई बहुमंजिला अपार्टमेंट भी शामिल हैं। एलडीए 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस आयुक्त से पर्याप्त पुलिस बल मांगा गया है।

अलीगंज में 51 इमारतों की जांच

सबसे ज्यादा 51 अवैध इमारतें अलीगंज क्षेत्र में चिन्हित की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर न्याय मित्र की टीम 24 अगस्त को इन भवनों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट शीर्ष अदालत को सौंपेगी। सितंबर के मध्य प्रस्तावित सुनवाई से पहले यह रिपोर्ट अहम मानी जा रही है।

एलडीए ने निरीक्षण के लिए योजना विभाग के ड्राफ्टमैन मुकेश वर्मा और दीपक को न्याय मित्र की टीम की मदद के लिए तैनात किया है। वे भवनों के नक्शे और अन्य रिकॉर्ड उपलब्ध कराएंगे।

अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र भेजा है। प्राधिकरण ने चिन्हित भवनों की मंजिल, निर्माण अवधि, उस समय तैनात अधिकारियों और अब तक हुई कार्रवाई का रिकॉर्ड भी तैयार किया है।

सूत्रों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने अलीगंज अग्निकांड को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के नाम भी शामिल किए जा सकते हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि 100 से अधिक इमारतें गिराई जाएंगी। अलीगंज की 51 इमारतों के अलावा करीब 50 अन्य भवन भी कार्रवाई के दायरे में हैं। सूची में प्रभावशाली लोगों से जुड़ी संपत्तियां भी शामिल बताई जा रही हैं।

Also Read: 6 माह की गर्भवती युवती का बगीचे में मिला शव, नई बिछिया और मांग में लिपिस्टिक से उठे सवाल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.