लखनऊ में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में लगी आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बेहद व्यस्त और पॉश इलाके हजरतगंज स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे इमारत से उठती तेज़ लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास मौजूद लोगों और परिसर में कार्यरत कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद हजरतगंज अग्निशमन केंद्र से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

घने धुएं के बीच वेंटिलेशन बनाकर शुरू हुआ राहत कार्य

दमकल विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तो पूरे भवन में घना धुआं भर चुका था, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो गई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और हजरतगंज अग्निशमन अधिकारी राम कुमार रावत के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने एक तरफ हौज पाइप लाइन बिछाकर आग पर पानी की बौछारें शुरू कीं, तो दूसरी तरफ भवन में वेंटिलेशन बनाकर अंदर भरे घने धुएं को बाहर निकाला।

घटना के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशमन टीम ने पूरे निदेशालय परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए। दमकलकर्मियों के त्वरित एक्शन से एक बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अग्निशमन विभाग द्वारा आग के सटीक कारणों और इससे हुए आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

Also Read: The Hundred Final: मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने जीता खिताब, प्राइज मनी जानकर रह जाएंगे हैरान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.