राशन कोटेदारों की बढ़ी आस, अब 125 रुपये प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। लखनऊ के लोकभवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाभांश वृद्धि कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन समेत अधिकारियों एवं कोटेदारों ने देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। वहीं, 2 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और 1.53 करोड़ लोगों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 10 हजार अन्नपूर्णा भवन तैयार हो चुके हैं। वर्ष 2026-27 के बजट में अन्नपूर्णा भवनों के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अब उचित दर विक्रेताओं को केवल ‘कोटेदार’ नहीं, बल्कि ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाना जाएगा।

राशन कोटेदारों की बढ़ी आस, अब 125 रुपये प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश

पारदर्शी तरीके से हो रहा राशन वितरण : दीपक मौर्या

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कोटेदारों को ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ का सम्मानजनक नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है। लाभांश को 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने को उन्होंने कोटेदारों के सम्मान और हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं को यह बेहतर उपहार दिया गया है। उन्होंने सभी को बधाई दी।

राशन कोटेदारों की बढ़ी आस, अब 125 रुपये प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश

ई-पॉश मशीन से वितरण में आई पारदर्शिता: डीएम

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि पहले राशन वितरण को लेकर कई समस्याएं सामने आती थीं, लेकिन ई-पॉश मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण शुरू होने के बाद व्यवस्था में काफी पारदर्शिता आई है और शिकायतों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे जनपद में अन्नपूर्णा भवन विकसित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधानसभा कपिलवस्तु क्षेत्र के कोटेदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: नाथ नगरी बरेली में सातों नाथ मंदिरों और कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.