NTA में फिर से एक्शन, 50 से अधिक स्टाफ की छुट्टी, अब प्राइवेट सेक्टर के एक्सपर्ट्स की एंट्री
NTA Reform: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों के बीच केंद्र सरकार ने एजेंसी के सिस्टम में बड़ा बदलाव शुरू कर दिया है। UGC-NET के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने के फैसले के ठीक बाद NTA से 50 से ज्यादा कर्मचारियों को हटाया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अब परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए 10 नए प्रोफेशनल लीडरशिप पदों पर विशेषज्ञों को शामिल किया जा रहा है। इनमें चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO), चीफ फाइनेंस ऑफिसर (CFO), चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) और टेस्ट सिक्योरिटी से जुड़े वरिष्ठ पद शामिल हैं।
NTA में क्या-क्या बदलेगा?
शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की उच्चस्तरीय बैठक में NTA के परीक्षा सिस्टम की कमियों और हालिया विवादों की समीक्षा की गई। इसके बाद एजेंसी को परीक्षा प्रक्रिया का पूरा ऑडिट कराने और सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
NTA में साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक्स और Question Paper Design जैसे क्षेत्रों के लिए निजी क्षेत्र से डोमेन एक्सपर्ट्स भी लाए जा रहे हैं। साथ ही गोपनीय परीक्षा संचालन, सुरक्षित कमरों, एयर-गैप्ड सिस्टम और डिवाइस जमा कराने की व्यवस्था को भी नए सिरे से मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
UGC-NET के तीन पेपर बने वजह
यह कार्रवाई UGC-NET जून 2026 के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर में मिली कई गंभीर खामियों के बाद सामने आई है। शिकायतों की जांच के लिए बनी समिति ने प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपोग्राफिकल और अनुवाद संबंधी गलतियां पाईं। कई नाम और किताबों के शीर्षक गलत लिखे गए थे, जबकि प्रश्नों की भाषा और व्याकरण में भी गड़बड़ियां मिलीं।
इन खामियों के चलते NTA ने तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इंग्लिश और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर, जबकि सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को होगा।
NTA में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब परीक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। अब मंत्रालय का जोर सिर्फ परीक्षा कराने पर नहीं, बल्कि पेपर तैयार करने से लेकर साइबर सुरक्षा और गोपनीय संचालन तक पूरी प्रक्रिया को मजबूत करने पर है।
Also Read: NTA की फिर किरकिरी! गड़बड़ियों के बाद UGC-NET के 3 पेपर रद्द, फिर से होगा री-एग्जाम

