NTA की फिर किरकिरी! गड़बड़ियों के बाद UGC-NET के 3 पेपर रद्द, फिर से होगा री-एग्जाम

UGC NET Re-Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET June 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी। इन तीनों पेपरों में सवालों से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।

UGC-NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद इन तीन विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिली थीं। इसके बाद NTA ने विशेषज्ञों की समिति बनाकर मामले की जांच कराई।

जांच में प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपोग्राफिकल और अनुवाद संबंधी गलतियां मिलने की पुष्टि हुई। इसके अलावा कुछ सवाल पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे, जिन्हें दोबारा पेपर में शामिल किया गया था। समिति की सिफारिश के बाद NTA ने तीनों विषयों की परीक्षा फिर कराने का फैसला लिया है।

इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी का नया शेड्यूल

NTA के मुताबिक UGC-NET Re-Exam 2026 की तारीखें इस प्रकार हैं:

  • इंग्लिश: 9 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
  • कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
  • सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

सवालों में मिली थीं कई तरह की गड़बड़ियां

जांच के दौरान विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के शीर्षकों में त्रुटियां, प्रश्नों की भाषा और व्याकरण संबंधी गलतियां सामने आईं। इसके अलावा जेंडर और संख्या संबंधी असंगतियां, गलत विराम चिह्न और स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।

NTA ने स्पष्ट किया है कि UGC NET Re-Exam 2026 के लिए अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा केंद्र, परीक्षा शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

NTA ने बताया कि जिन 84 विषयों की आंसर-की पहले ही जारी हो चुकी है, उनके परिणाम तय कार्यक्रम के अनुसार घोषित किए जाएंगे। तीन विषयों की दोबारा परीक्षा की वजह से इन विषयों के JRF, Assistant Professor और PhD Admission से जुड़े प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी।

Also Read: RRB JE Recruitment 2026: रेलवे में 3993 पदों पर भर्ती शुरू, 13 सितंबर तक करें आवेदन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.