यूपी में भारी बारिश से बिगड़े हालात, गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर, स्कूलों पर भी लगा ताला

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है।

प्रयागराज, उन्नाव, फर्रुखाबाद, वाराणसी, बाराबंकी, श्रावस्ती, कौशांबी, मिर्जापुर और भदोही समेत कई जिलों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

गंगा, यमुना, सरयू और राप्ती के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद प्रशासन ने निगरानी और राहत-बचाव व्यवस्था तेज कर दी है। मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।

प्रयागराज में जलभराव, 12वीं तक स्कूल बंद

प्रयागराज में लगातार बारिश के कारण स्टेशन रोड, जॉर्ज टाउन, करेली, मुंडेरा और दारागंज के निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई सड़कें, गलियां, अंडरपास और घर जलभराव से प्रभावित हैं।

गंगा और यमुना का पानी निचले इलाकों तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।

उन्नाव और फर्रुखाबाद में बाढ़ का असर

उन्नाव में गंगा का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के 200 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। लोगों की आवाजाही के लिए प्रशासन ने 15 नावें लगाई हैं।

फर्रुखाबाद में गंगा के बढ़ते जलस्तर से पांच दर्जन से अधिक गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। सदर, अमृतपुर और कायमगंज तहसील के कई गांवों में पानी पहुंच गया है। खेत और संपर्क मार्ग भी जलमग्न हैं।

Heavy Rain

बाराबंकी में सरयू, श्रावस्ती में राप्ती उफान पर

बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 50 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। तराई क्षेत्र के कई गांव प्रभावित हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

वहीं श्रावस्ती में राप्ती नदी खतरे के निशान से करीब 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।

वाराणसी में छत पर कराई जा रही गंगा आरती

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट प्रभावित हुए हैं। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती का स्थान बदलकर गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत कर दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

कई जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश और जलभराव के चलते कौशांबी, मिर्जापुर और भदोही में भी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

कौशांबी में प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के स्कूल 18 अगस्त को बंद हैं। मिर्जापुर में कक्षा 1 से 8 और भदोही में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में अदवा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ा और कई इलाकों में पानी भर गया।

प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रख रहा है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Also Read: BJP संगठन में बड़ा फेरबदल, विनोद तावड़े को यूपी की कमान और सतीश पुनिया को मिली पंजाब की जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.