Balrampur News: स्कूलों में पत्रकारों और यूट्यूबर्स की ‘नो एंट्री’, BSA के आदेश पर उठे सवाल

Balrampur News: बलरामपुर जिले के परिषदीय स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी किया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) विकास चंद्र श्रीवास्तव की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी पत्र में स्कूल संचालन के दौरान बाहरी व्यक्तियों, यूट्यूबर्स और अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश के मुताबिक, विद्यालय परिसर में बिना अनुमति बाहरी लोगों के प्रवेश और फोटो-वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं होगी।

स्कूल का गेट विद्यालय संचालन के दौरान और उसके बाद भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने इसके पीछे पठन-पाठन प्रभावित होने और शिक्षकों व विभाग की छवि प्रभावित होने की आशंका को वजह बताया है।

आदेश को लेकर उठ रहे सवाल

हालांकि, इस आदेश को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि क्या यह निर्देश केवल बलरामपुर जिले के लिए जारी किया गया है या किसी उच्च अधिकारी के पूर्व निर्देश के अनुपालन में इसे लागू किया गया है।

वहीं, मीडिया और स्थानीय लोगों के एक वर्ग का कहना है कि स्कूलों की व्यवस्थाओं और कमियों की रिपोर्टिंग पर रोक लगाने से पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं।

Balrampur News

पहले भी सामने आ चुकी हैं स्कूलों से जुड़ी शिकायतें

बलरामपुर में इससे पहले मिड-डे मील से जुड़ी अनियमितताओं, शिक्षकों की अनुपस्थिति और स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।

मीडिया रिपोर्टों के जरिए कई मामलों के सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई भी हुई है।

ऐसे में नए आदेश को लेकर यह बहस शुरू हो गई है कि स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने और बाहरी हस्तक्षेप रोकने के साथ पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल, विभाग के आदेश के बाद स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और फोटो-वीडियोग्राफी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

हालांकि, पत्रकारों की रिपोर्टिंग पर इस आदेश का वास्तविक दायरा क्या है और क्या किसी विशेष अनुमति की व्यवस्था होगी, इस पर विभाग की विस्तृत स्थिति सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: यूपी में भारी बारिश से बिगड़े हालात, गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर, स्कूलों पर भी लगा ताला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.