यूपी में युवाओं के लिए नौकरी का खुलेगा पिटारा, भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का बड़ा प्लान

UP Government Jobs: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकार भर्ती प्रक्रिया तेज करने की तैयारी में है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विभिन्न चयन आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ बैठक कर परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।

परीक्षा से नियुक्ति तक तय होगी समयसीमा

मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा, रिजल्ट, अभिलेख सत्यापन और नियुक्ति से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तय समय में पूरी हों। किसी स्तर पर मामला लंबित होने पर संबंधित संस्था नियमित समीक्षा करे। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के साथ आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी समेत UPPSC, UPSSSC और पुलिस भर्ती बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।

आकांक्षी विकासखंडों में 7 नए इंडीकेटर

बैठक में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई। इसमें सात नए इंडीकेटर जोड़ने के बाद कुल संख्या 51 हो गई है। इनमें गंभीर एनीमिया वाली उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के उपचार, पांच साल से कम उम्र के अवरुद्ध वृद्धि वाले बच्चों, फर्नीचर वाले उच्च प्राथमिक स्कूल, विशेष जरूरत वाले बच्चों के शौचालय, स्मार्ट क्लास और स्कूलों में चालू कंप्यूटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

हर घर जल प्रमाणित गांवों का प्रतिशत भी नया इंडीकेटर बनाया गया है। मुख्य सचिव ने कम प्रगति वाले विकासखंडों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने और नोडल अधिकारी नामित करने को कहा। साथ ही डेटा की शुचिता और फ्रंटलाइन वर्कर्स के नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.