अलीगढ़ में प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, ईंट से कुचला चेहरा, बाइक ने खोला राज

Aligarh News: अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके प्रेमी विकास सिंह ने की थी। 11 अगस्त को बड़ा खुर्द गांव के जंगल में अर्द्धनिर्मित गोशाला के पास महिला का शव मिला था। उसकी पहचान असम निवासी मोना उर्फ मनौरा बेगम के रूप में हुई।

एसएसपी नीरज जादौन के अनुसार, सीओ इगलास कमलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग देहात की टीमें जांच में जुटी थीं। सीसीटीवी फुटेज में महिला एक बाइक पर जाती दिखाई दी। बाइक नंबर यूपी-85-सीआर-0173 के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को मथुरा के राया क्षेत्र से पकड़ लिया।

शादी को लेकर हुआ था विवाद

पूछताछ में विकास ने बताया कि वह और मोना मथुरा के एक होटल में साथ काम करते थे। दोनों की करीब तीन साल से दोस्ती थी और शादी की बात भी चल रही थी। आरोपी के मुताबिक, मोना किसी दूसरे युवक से बात करने लगी थी और उससे शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को हाथरस के एक होटल में भी दोनों के बीच विवाद हुआ। विकास ने अपने 60-70 हजार रुपये मांगे तो मोना ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह नाराज था।

बाइक से ले गया, ईंट से हत्या

आरोप है कि विकास मोना को बाइक से गोशाला के पास ले गया और ईंट से सिर व चेहरे पर कई वार कर हत्या कर दी। शव वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक, मोना का बैग, आधार कार्ड की प्रति, मोबाइल चार्जर और हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद की है।

शव की पहचान के बाद परिजन नहीं पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और मानव उपकार संस्था की मदद से अंतिम संस्कार कराया। पुलिसकर्मियों ने वीडियो कॉल के जरिए मोना की बहनों को अंतिम बार शव दिखाया।

Also Read: यूपी में युवाओं के लिए नौकरी का खुलेगा पिटारा, भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का बड़ा प्लान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.