लखनऊ में Gen-Alpha के प्रदर्शन का बड़ा असर, UP में टीचरों की नियुक्ति का आदेश जारी
Lucknow Student Protest: लखनऊ में सर्वोदय विद्यालय (Sarvodaya School) की छात्राओं के सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सभी सर्वोदय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। मंगलवार को जिलों के अधिकारियों ने इन स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
समाज कल्याण विभाग के अधीन करीब 100 सर्वोदय विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की कमी पूरी करने के लिए करीब 500 अंशकालिक (Guest Teachers) शिक्षक तैनात किए गए थे। जून में विभाग ने नए सिरे से नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया, जिसके खिलाफ पिछले सत्र में पढ़ाने वाले शिक्षक हाईकोर्ट चले गए। इससे नई नियुक्तियां अटक गई थीं।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि नई व्यवस्था या नीति तय होने तक जून से पहले तैनात रहे शिक्षकों को दोबारा ज्वाइन कराया जाए। समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण (Asim Arun) ने भी बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद शिक्षकों को दोबारा रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
भोजन और शिक्षकों की कमी पर भी कार्रवाई
मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (Narayan Sarvodaya School) में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कक्षाएं सामान्य हुईं और भोजन की गुणवत्ता में सुधार किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने रसोई का निरीक्षण कर पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
इस स्कूल में करीब 400 छात्राओं के लिए सिर्फ 18 शिक्षक हैं। छात्राओं का कहना था कि इनमें चार हिंदी के शिक्षक हैं, जबकि गणित, विज्ञान और अंग्रेजी के लिए एक भी शिक्षक नहीं है। बोर्ड परीक्षाएं करीब छह महीने बाद होने के कारण छात्राओं ने पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता जताई थी। अधिकारियों ने शिक्षकों की कमी दो-तीन दिन में दूर करने का आश्वासन दिया है।
सड़क की समस्या भी होगी दूर
स्कूल के सामने की अप्रोच रोड पर जलभराव और कीचड़ की समस्या को देखते हुए डीएम विशाख जी ने नगर निगम को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। सड़क के लिए करीब 1.4 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। फिलहाल गिट्टी डालकर जलभराव और कीचड़ से राहत देने की कोशिश होगी, जबकि बजट मिलने के बाद नई सड़क बनाई जाएगी।
दरअसल, इन्हीं समस्याओं को लेकर Lucknow की छात्राएं सोमवार को स्कूल की बाउंड्री फांदकर सड़क पर निकल आई थीं। बारिश के बीच करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर उन्होंने दुबग्गा-कानपुर बाइपास पर जाम लगा दिया और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने की कोशिश की थी। बाद में प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। करीब तीन घंटे बाद छात्राएं शांत हुईं। इससे पहले छात्र भी शिक्षकों और दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन कर चुके थे।
Also Read: यूपी में 77,400 से ज्यादा शिक्षक पद खाली, लखनऊ में AAP छात्रविंग का प्रदर्शन

