आजम खां और जौहर ट्रस्ट से संबंधित 10 ठिकानों पर ED की रेड, कब्जे में कई दस्तावेज

ED raids on Johar Trust: समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां और उनकी जौहर यूनिवर्सिटी (Jauhar University) एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के घेरे में हैं। बुधवार सुबह ईडी की टीमों ने रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय और ट्रस्ट समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं।

ईडी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक, यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में PMLA, 2002 की धारा 17 के तहत की जा रही है। रामपुर के अलावा सहारनपुर और दिल्ली में भी कुल 10 परिसरों की तलाशी ली जा रही है।

सरकारी ठेकों की रकम और वित्तीय लेनदेन की जांच

जांच में निजी ठेकेदारों के जरिए सरकारी कॉन्ट्रैक्ट की रकम के कथित दुरुपयोग और उसके बाद उसके इस्तेमाल की पड़ताल की जा रही है। ईडी के अनुसार, जांच में कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं।

आरोप है कि सरकारी ठेके हासिल करने वाले कुछ ठेकेदारों ने ट्रस्ट और विश्वविद्यालय को कथित तौर पर भारी दान, निर्माण कार्य और अन्य लाभ पहुंचाए। एजेंसी अब इससे जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।

रामपुर से दिल्ली-सहारनपुर तक छापेमारी

रामपुर में करीब आधा दर्जन ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है। वहीं सहारनपुर में सीए दीपक गुप्ता के आवास और कार्यालय पर ईडी की टीम पहुंची है। दिल्ली में जौहर एसोसिएट्स के पार्टनर सैयद खालिद के जसोला-जामिया नगर स्थित आवास पर भी तलाशी ली जा रही है।

छापेमारी वाले प्रमुख ठिकानों में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, जौहर यूनिवर्सिटी, ए एंड एस इंटरप्राइजेज, सीके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, पवन कुमार जैन का आवास, शाहीन खान का आवास और सीए दीपक गुप्ता के कार्यालय व घर शामिल हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में ईडी पहले भी जौहर यूनिवर्सिटी (Jauhar University) पहुंचकर जांच कर चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद आजम खां (Azam Khan) के करीबियों में भी हलचल बढ़ गई है। आजम खां फिलहाल कई मामलों में सजा के बाद जेल में हैं।

Also Read: मुस्लिम रहनुमाई का सबसे बड़ा चेहरा अकेला क्यों पड़ा? सपा की राजनीति पर उठते सवाल…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.