यूपी के इस शहर में चलेगा बुलडोजर, सड़क-नालों पर कब्जा करने वालों को नोटिस
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में सड़कों, नालों और नगर निगम की जमीन पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार शाम नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में संपत्ति और अतिक्रमण विभाग की बैठक हुई। इसमें अलग-अलग इलाकों में कब्जे चिन्हित कर नोटिस देने और नियम के अनुसार उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए।
9 मीटर की सड़क बची सिर्फ 4-5 मीटर
एकता नगर बीडीए कॉलोनी में जांच के दौरान पता चला कि अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई 9 मीटर है, लेकिन कब्जों के कारण मौके पर यह सिर्फ 4 से 5 मीटर रह गई है। अधिकारियों को संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस देकर सड़क खाली कराने के निर्देश दिए गए।
वार्ड 44 और 67 समेत दूसरे इलाकों में नालों पर हुए कब्जे भी हटाए जाएंगे। पार्कों में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की शिकायतों की भी जांच होगी।
1000 वर्ग गज जमीन पर कब्जा चिन्हित
ईंट पजाया चौराहे पर नगर निगम की करीब 1000 वर्ग गज जमीन पर टीन शेड डालकर किए गए कब्जे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वार्ड 56 कुंवरपुर में निगम की जमीन की तहसील टीम से पैमाइश कराई जाएगी। संजयनगर में श्मशान भूमि के पास निगम की जमीन को भी सुरक्षित कराया जाएगा।
किला नदी क्षेत्र में अतिक्रमण का पता लगाने के लिए एरियल सर्वे होगा। वहीं मुंशी नगर में सड़क के बीच लगे बिजली के पोल हटाकर किनारे शिफ्ट कराने और नैनीताल रोड पर भी कब्जे को लेकर नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: केशव मौर्य के कड़े निर्देश, रिक्त पदों पर भर्ती से लेकर सड़कों तक के लिए बनाएं एक्शन प्लान

