Bareilly News: सिरौली पुलिस ने चरस के साथ तस्कर को दबोचा
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद स्थित थाना सिरौली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर एक शातिर चरस तस्कर को 112 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को थाना सिरौली के उप-निरीक्षक अर्जित कुमार अपनी पुलिस टीम (हेड कांस्टेबल वेदराम और कांस्टेबल निशांत चौधरी) के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अंजनी मार्ग पर गंगा नदी की ओर जाने वाले कट के पास एक व्यक्ति अवैध चरस लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पकड़े गए व्यक्ति की पहचान फैजान (उम्र लगभग 20 वर्ष, पुत्र कदीर, निवासी मोहल्ला मुराव टोला, कस्बा व थाना सिरौली, बरेली) के रूप में हुई। उसकी जमा तलाशी लेने पर उसके पास से 112 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को शाम करीब 4:45 बजे हिरासत में ले लिया और सिरौली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की।
पूछताछ में आरोपी फैजान ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वह चंदौसी में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता है। गलत संगति में पड़ने के कारण उसे चरस पीने की लत लग गई। इसके बाद वह पैसे कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए चरस की तस्करी करने लगा। वह 200 रुपये प्रति तोला के हिसाब से चरस खरीदता था और उसे कस्बा सिरौली में ₹500 प्रति तोला के भाव से बेच देता था।
आरोपी ने खुलासा किया कि सावन के महीने में चरस की मांग और बिक्री काफी बढ़ जाती है, इसी लालच में आकर उसने काफी दिनों से चरस इकट्ठा कर रखी थी। बरामद चरस में से आधी वह पहले ही बेच चुका था, जबकि बची हुई चरस के साथ पुलिस ने उसे दबोच लिया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
See More: दिल्ली के टिकरी कलां में CNG पंप पर ट्रक में जोरदार धमाका, 6 लोग घायल

