Bareilly News: माय भारत बरेली की पहल पर युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
Bareilly News: बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और युवा शक्ति को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत (बरेली) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने किया।
प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद, रील/शॉर्ट फिल्म मेकिंग, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के गंभीर दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नल (सेवानिवृत्त) पंकज अग्रवाल, प्रो. एके सिंह एवं डॉ. ज्योति पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं प्रगति मिश्रा, सुनैना सक्सेना और श्रद्धा ने शानदार गीत व कविताएं प्रस्तुत कीं, जिसका कुशल मंच संचालन प्रणव व लवी ने किया।
मुख्य अतिथि पुष्पा पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नष्ट करता है, जबकि एक स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज व विकसित भारत की रीढ़ बन सकता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस वृहद आयोजन में प्रो. रुचि गुप्ता, प्रो. ज्योति शर्मा, डॉ. आकांक्षा रस्तोगी सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन और संचालन में अहम भूमिका निभाई।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में 3500 कांवड़ियों का प्रदर्शन, बुद्धेश्वर महादेव के शिवलिंग से चांदी हटाने की मांग

