SGPGI में 6 साल के बच्चे की सफल सर्जरी, लिवर में थी ग्रेड-IV की गंभीर चोट
Lucknow SGPGI: एसजीपीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल छह साल के बच्चे की जान बचाने में सफलता हासिल की है। बिहार के गोपालगंज निवासी कृष्णा कुमार ई-रिक्शा की टक्कर से बुरी तरह घायल हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे विशेषज्ञ ट्रॉमा इलाज के लिए एसजीपीजीआई रेफर किया गया। बच्चे को 1 अगस्त 2026 को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में उसके लिवर में ग्रेड-IV की गंभीर चोट मिली। लगातार अंदरूनी रक्तस्राव हो रहा था और पेट में करीब दो लीटर खून जमा था। डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए उसी दिन इमरजेंसी सर्जरी करने का फैसला लिया।
सर्जरी के बाद 48 घंटे वेंटिलेटर पर रहा
ट्रॉमा सर्जरी टीम में एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के एडिशनल चीफ प्रो. अमित कुमार सिंह और सीनियर रेजिडेंट डॉ. आदित्य सिंह शामिल रहे। ऑपरेशन का मुख्य लक्ष्य रक्तस्राव रोकना और क्षतिग्रस्त लिवर को स्थिर करना था।
गंभीर हालत को देखते हुए बच्चे को विशेषज्ञ एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर सपोर्ट दिया गया। एनेस्थीसिया टीम में एडिशनल प्रो. डॉ. गणपत प्रसाद, डॉ. रफत शमीम और डॉ. वंश प्रिया शामिल रहे। ऑपरेशन के बाद करीब 48 घंटे तक बच्चे को मैकेनिकल वेंटिलेशन पर रखा गया। सुधार होने पर वेंटिलेटर हटा दिया गया।
19 अगस्त को अस्पताल से मिली छुट्टी
प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि समय पर रेफरल, सटीक जांच, विशेषज्ञ सर्जरी और आधुनिक क्रिटिकल केयर के तालमेल से बच्चे का इलाज सफल हुआ। उन्होंने कहा कि बच्चों में गंभीर अंदरूनी रक्तस्राव तेजी से जानलेवा हो सकता है, इसलिए ऐसे मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है।
अस्पताल में बच्चे की लगातार निगरानी की गई। रक्तस्राव, संक्रमण, सांस की परेशानी और अन्य जटिलताओं का इलाज किया गया। मल्टीडिसिप्लिनरी उपचार के बाद कृष्णा कुमार को 19 अगस्त 2026 को संतोषजनक स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

