20 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

Ghaziabad News: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में महज 20 रुपये के विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को विक्रम एन्क्लेव में 23 वर्षीय मुश्ताक और 20 वर्षीय समीर उर्फ गट्टू के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर समीर ने चाकू से मुश्ताक पर हमला कर दिया।

मुश्ताक के पेट और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

हत्या के बाद समीर फरार हो गया था। पुलिस को उसके शालीमार गार्डन के आसपास छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद इलाके में चेकिंग बढ़ा दी गई। इसी दौरान डीएलएफ रोड की तरफ से KTM बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया।

पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह बाइक मोड़कर टेलीफोन एक्सचेंज की सुनसान गली में भागने लगा। घेराबंदी होने पर आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।

तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर उर्फ गट्टू के रूप में हुई है। उसके पास से अवैध तमंचा, जिंदा और इस्तेमाल किए गए कारतूस तथा चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच में चोरी की बाइक के स्रोत और अन्य वारदातों में उसकी संभावित भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Also Read: चलती कार में मां की हत्या कर प्रेमी संग गंगनहर में फेंका शव, 200 CCTV से खुला राज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.