चलती कार में मां की हत्या कर प्रेमी संग गंगनहर में फेंका शव, 200 CCTV से खुला राज
Sandesh Wahak Desk: उत्तराखंड के मंगलौर में महिला हत्याकांड का पुलिस ने 18 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने लक्सर रोड से महिला की बेटी उन्नति और उसके प्रेमी आकाश चौहान को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात प्रेम संबंध के विरोध के चलते हुई।
पूछताछ में आकाश ने बताया कि घटना के समय वह कार चला रहा था। उसकी प्रेमिका उन्नति पीछे बैठी थी, जबकि उसकी मां सरिता आगे की सीट पर थी। रास्ते में सरिता को नींद आ गई। आरोप है कि इसी दौरान उन्नति ने धारदार हथियार से मां के गले पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर शव बोरी में रखा और कार की डिग्गी में डाल दिया।
गंगनहर में फेंका शव, लेकिन झाड़ियों में अटका
आरोपी शव लेकर मंगलौर पुल के पास पहुंचे और सुनसान जगह देखकर उसे गंगनहर में फेंक दिया। उन्हें उम्मीद थी कि तेज बहाव शव को बहा ले जाएगा। हालांकि शव झाड़ियों में फंस गया। अगले दिन एक राहगीर ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद दोनों आरोपियों तक पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि उन्नति अपनी मां के करीब 4-5 तोले सोने के गहने साथ ले गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों इन गहनों को बेचकर कुछ समय ऐश की जिंदगी बिताना चाहते थे।
पति की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
मृतका के पति अरविंद ने आरोप लगाया था कि उन्नति और आकाश के प्रेम संबंध का सरिता विरोध करती थी। उन्होंने बताया कि बेटी पहले भी मां को धमकी दे चुकी थी। 17 अगस्त की शाम सरिता और उन्नति घर से निकली थीं। अगले दिन पति को हत्या की जानकारी मिली।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चार टीमें बनाई गई थीं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ मंगलौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सीआईयू रुड़की की टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।
Also Read: लखनऊ के गोमतीनगर में बैंक मैनेजर की हत्या के बाद पति ने बहन को भी मारी गोली, खुद भी कर ली आत्महत्या

