Hockey World Cup: पाकिस्तान को हराकर दूसरे दौर में भारत, अब ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से अग्निपरीक्षा

Sports News: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर हॉकी वर्ल्ड कप के दूसरे दौर में जगह बना ली है।

अब भारत के सामने पेरिस ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की नंबर-2 टीम नीदरलैंड की चुनौती होगी।

22 अगस्त को होने वाला यह मुकाबला नीदरलैंड के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम के लिए छोटी सी गलती भी भारी पड़ सकती है।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शुरुआत करते हुए पहले 3-0 और फिर 4-1 की बढ़त बना ली थी।

हालांकि, इसके बाद टीम की पकड़ कमजोर हुई और पाकिस्तान ने वापसी करते हुए तीन गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी मैच के बाद डिफेंस में सुधार की जरूरत पर जोर दिया।

भारत ने पूल डी में वेल्स को 3-1 और पाकिस्तान को 5-3 से हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे 2-4 से हार मिली। नए प्रारूप में भारत को अगले दौर में नीदरलैंड और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों से चुनौती मिलेगी।

नीदरलैंड को उसके घर में हराना आसान नहीं

तीन ओलंपिक और तीन विश्व कप खिताब जीत चुका नीदरलैंड घरेलू मैदान पर बेहद मजबूत माना जाता है।

टीम का स्टेडियम करीब 10 हजार दर्शकों से खचाखच भरा रहता है और नारंगी रंग में रंगा नजर आता है। ऐसे माहौल में भारत के लिए मुकाबला और कठिन होने वाला है।

Hockey World Cup

हालांकि, भारत के पास नीदरलैंड को हराने का हालिया अनुभव है। जून में एफआईएच प्रो लीग के मुकाबले में भारतीय टीम ने रोटरडम में नीदरलैंड को 3-2 से मात दी थी।

अभिषेक और हरमनप्रीत पर रहेंगी नजरें

पाकिस्तान के खिलाफ दो शानदार फील्ड गोल करने वाले अभिषेक शानदार फॉर्म में हैं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट में अब तक पांच गोल कर चुके हैं।

अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह और फॉरवर्ड मनदीप सिंह पर भी भारत को मजबूती देने की जिम्मेदारी होगी।

नीदरलैंड के खिलाफ भारत को सिर्फ बढ़त बनाने पर नहीं, बल्कि पूरे 60 मिनट तक दबाव और रक्षात्मक संतुलन बनाए रखने पर ध्यान देना होगा।

Also Read: स्पेन ने तोड़ा वॉ-पोंटिंग वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड, लगातार जीत का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.