हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद काना की हत्या, बाइक सवार 2 बदमाशों ने की 12 राउंड फायरिंग

Haryana News: हरियाणा के हिसार में गुरुवार दोपहर कोर्ट परिसर के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात करीब दोपहर 2 बजे हुई। बताया गया कि काना एक मामले की पेशी के लिए अदालत पहुंचा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए दो हमलावरों ने कोर्ट के मुख्य गेट के सामने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से कोर्ट परिसर और आसपास भगदड़ मच गई।

पुलिस ने इलाके को घेरा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू की गई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।

विनोद पानू पर 31 केस थे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, मृतक विनोद पानू उर्फ काना का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा था। उसके खिलाफ हत्या समेत 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हिसार की बीजेपी विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या का मामला भी शामिल था।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Also Read: UP टॉपर रजनीश की डिग्रियां निरस्त, 1 लाख का इनाम और टैबलेट भी होगा जब्त, CM ने किया था सम्मानित 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.