होमवर्क नहीं किया तो 6 साल के बच्चे को टीचर ने जड़ा थप्पड़, कुछ ही सेकंड में हो गई मौत, Video
Visakhapatnam School Incident: आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के विशाखापत्तनम में होमवर्क पूरा नहीं करने पर एक छह साल के बच्चे को शिक्षक द्वारा थप्पड़ मारने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना वन टाउन इलाके के एक निजी स्कूल की है। मामले का सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) सामने आने के बाद घटना चर्चा में है।
वायरल वीडियो (Viral Video) में बच्चा स्लेट लेकर शिक्षक के सामने खड़ा दिखाई देता है। वह घबराया हुआ नजर आता है और मारने से मना करता है। इसके बाद शिक्षक उसे पास खींचकर थप्पड़ मारती है। कुछ ही सेकंड बाद बच्चा शिक्षक पर गिर जाता है।
देखें वीडियो...
अस्पताल ले जाने से पहले स्कूल में CPR की कोशिश
विशाखापत्तनम (Visakhapatnam) के रेवेन्यू डिविजनल ऑफिसर साधु दिलीप चक्रवर्ती ने बताया कि घटना के बाद शिक्षक ने दूसरे स्टाफ को जानकारी दी। स्कूल के कर्मचारियों ने बच्चे को संभालने की कोशिश की और CPR भी दिया। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका है कि बच्चे को घबराहट के कारण कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) हुआ। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश देने की बात कही है।
परिवार ने कहा- बच्चे को कोई बीमारी नहीं थी
बच्चे की मौत (Child Death) की जानकारी मिलने के बाद परिवार स्कूल पहुंचा और शिक्षक को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। पिता ने बताया कि परिवार पिछले सप्ताह तीर्थयात्रा पर गया था और बुधवार को ही वापस लौटा था। इसी वजह से बच्चे का होमवर्क पूरा नहीं हो पाया था।
परिवार का कहना है कि बच्चे को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। बच्चे के पिता ने सवाल उठाया कि एक शिक्षक छह साल के बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार कैसे कर सकती है।
बच्चे की मां ने स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्कूल ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी और बच्चे को सीधे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) भेजा गया है। विशाखापत्तनम स्कूल में हुए इस हादसे (Visakhapatnam School Incident) के बाद परिजनों में रोष है, वहीं परिजनों का कहना है कि वह इंसाफ के लिए अदालत का रुख करेंगे।
Also Read: यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप करने वाला दरोगा सस्पेंड, SSP ने अरेस्टिंग के लिए लगाई 3 टीमें

