मेरठ में यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप करने वाला दरोगा सस्पेंड, SSP ने अरेस्टिंग के लिए लगाई 3 टीमें
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) की छात्रा से रेप के आरोप में दरोगा ललित मोहन को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है। आरोपी के खिलाफ भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी है, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पीड़िता के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी दरोगा के हाईकोर्ट पहुंचने और गिरफ्तारी पर रोक (Arrest Stay) लेने का प्रयास करने की बात सामने आई है।
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप
रायबरेली निवासी ललित मोहन 2023 बैच का दरोगा है और वर्तमान में मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात था। विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्रा के मुताबिक, उसकी शामली निवासी सहेली ने कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात दरोगा से कराई थी।
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। छात्रा का आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले वह डिग्री लेने विश्वविद्यालय आई थी, जहां दरोगा ने उससे मुलाकात कर शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद रेस्टोरेंट ले जाने की बात कहकर उसे कार में बैठाया और साथी दरोगा के फ्लैट पर ले गया। छात्रा का आरोप है कि वहां उसके साथ यौन शोषण किया गया और बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
मुकदमा दर्ज होते ही छुट्टी लेकर हुआ फरार
पीड़िता ने 14 अगस्त को एसएसपी अविनाश पांडेय से शिकायत की। इसके बाद भावनपुर थाने में दरोगा के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी छुट्टी लेकर चला गया और तब से गैरहाजिर है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बयान के लिए थाने बुलाए जाने के दौरान उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। इसके बाद बुधवार को उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी।
पीड़िता के मुताबिक, मुकदमे में समझौता कराने के लिए दो दिन पहले आरोपी के परिवार के लोग शामली स्थित उसके घर पहुंचे थे। परिवार की ओर से दरोगा से शादी कराने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन युवती ने इसे ठुकरा दिया।
उसका आरोप है कि आरोपी पक्ष मुकदमे से बचने के लिए शादी का प्रस्ताव दे रहा है।
सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दरोगा ललित के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच एसएसआई को सौंपी गई है। आरोपी को सस्पेंड (Suspension) कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई है। जांच में अन्य साक्ष्यों के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य (Electronic Evidence) जुटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Also Read: लखनऊ के गोमतीनगर में बैंक मैनेजर की हत्या के बाद पति ने बहन को भी मारी गोली, खुद भी कर ली आत्महत्या

