जयपुर में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में मारपीट
Sandesh Wahak Digital Desk: जयपुर जिले के बगरू स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार सुबह स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब स्कूल परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हिंसक टकराव हो गया। जर्जर भवन और लचर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका एवं उनकी टीम का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उग्र भीड़ ने नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की और उनकी गाड़ियों पर पत्थर बरसा कर उन्हें क्षेत्र से खदेड़ दिया।
घटना की शुरुआत सुबह करीब आठ बजे हुई, जब पार्टी सदस्यों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार के सामने धरना दे दिया और संपर्क मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नाकेबंदी कर दी। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का दावा है कि जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत के लिए शासन स्तर से 12.50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया जा चुका है और वे खुद इसका सुधार कराने में सक्षम हैं। उनका आरोप है कि बाहरी लोग केवल राजनीतिक रोटियां सेकने और गांव का माहौल बिगाड़ने आए थे, जिन्हें किसी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राजस्थान के जयपुर में भाजपा नेता ने सरकारी स्कूल में खोल रखा था तबेला।
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका स्कूल देखने पहुंचे तो भाजपा वालों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। pic.twitter.com/pz5hc5Wsy1
— Gaurav Pal (@GauravPalRaj) August 21, 2026
दूसरी ओर, CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने घटना को लोकतंत्र के लिए काला दिन बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्कूल कई वर्षों से मवेशियों के बाड़े जैसी स्थिति में संचालित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण से पहले ही वहां मौजूद उपद्रवियों ने मीडिया और पुलिस की मौजूदगी में उनकी टीम पर हमला किया, जिसमें गाड़ियाँ और मोबाइल तोड़ दिए गए, एक महिला कार्यकर्ता से बदसलूकी हुई तथा उनके एक साथी का हाथ फ्रैक्चर हो गया। रांका ने प्रशासन को 48 घंटे के भीतर दोषियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Also Read: Joe Root: खतरे में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, रूट ने की बराबरी, इतिहास रचने से एक कदम दूर

