NEET में AIR 35, AIIMS दिल्ली की सीट भी मिली, फिर सब्यसाची ने क्यों चुना IIT

NEET UG 2026: NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले पश्चिम बंगाल के सब्यसाची लस्कर ने अलग करियर चुनकर सबको चौंका दिया है। उन्होंने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 35 हासिल की और पूरे पश्चिम बंगाल में टॉप किया। इसके बावजूद उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई के बजाय इंजीनियरिंग को चुना है।

एमसीसी की ऑल इंडिया कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के राउंड-1 के प्रोविजनल रिजल्ट में देश के टॉप 51 NEET उम्मीदवारों को एम्स दिल्ली की एमबीबीएस सीट मिली है। हालांकि, इस सूची में AIR 35 वाले सब्यसाची का नाम नहीं है। उन्होंने IIT खड़गपुर में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में दाखिला लिया है।

कम ऊर्जा वाली तकनीक पर करना चाहते हैं काम

सब्यसाची के मुताबिक उनका लक्ष्य कंप्यूटर हार्डवेयर के क्षेत्र में एडवांस रिसर्च करना है। वह ऐसी तकनीक और डिवाइस विकसित करना चाहते हैं, जिनमें कम बिजली की जरूरत हो। पर्यावरण और ऊर्जा की बचत को लेकर भी वह बचपन से संवेदनशील रहे हैं।

उनकी मां चमेली सरदार ने बताया कि बेटे का पसंदीदा विषय बायोलॉजी था, लेकिन वह हमेशा इंजीनियर बनना चाहता था। इसी वजह से उसने JEE Main, JEE Advanced और NEET तीनों की तैयारी की।

10वीं में हासिल किए थे पूरे अंक

सब्यसाची बीडीएम इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रहे हैं। उन्होंने 2024 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे अंक हासिल किए थे। 12वीं में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। JEE Advanced के जरिए IIT खड़गपुर में सीट मिलने के बाद उन्होंने बिना झिझक MBBS के बजाय इंजीनियरिंग को अपना करियर चुना।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.