सीएम आवास पर भारत-जापान की युवा पीढ़ी का मिलन, ए डायलॉग विद द फ्यूचर में गूंजा दोस्ती और भविष्य का संदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश-जापान निवेश बैठक के तहत विशेष कार्यक्रम ए डायलॉग विद द फ्यूचर का आयोजन किया गया। इस दौरान जापान के यामानाशी प्रान्त से आए 13 जापानी विद्यार्थियों और उनके फैकल्टी सदस्यों ने लखनऊ के विभिन्न स्कूलों के बच्चों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यामानाशी प्रान्त के गवर्नर कोटारो नागासाकी की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में दोनों देशों की युवा पीढ़ी के बीच कूटनीति, संस्कृति और मैत्री का अनोखा संगम देखने को मिला।

सीएम योगी ने वसुधैव कुटुम्बकम् का दिया संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत जापानी अभिवादन ओहायो गोजाइमासु से की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। जापानी छात्रों की आगरा, मथुरा, वाराणसी और सारनाथ की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह दो संस्कृतियों और युवा पीढ़ियों का ऐतिहासिक मिलन है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं और ये बच्चे भविष्य के सांस्कृतिक राजदूत बनेंगे। सीएम ने अपने संबोधन का समापन जापानी शब्द अरिगातो गोजाइमासु से किया।

सीएम आवास पर भारत-जापान की युवा पीढ़ी का मिलन

जापानी गवर्नर ने दोस्ती को आगे बढ़ाने का किया आह्वान

यामानाशी प्रान्त के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि दोनों देशों की प्रगति के लिए एक-दूसरे की समानताओं और भिन्नताओं को समझना आवश्यक है। उन्होंने भारतीय छात्रों के आत्मीय स्वागत की सराहना की और युवाओं से इस मैत्री को भविष्य में भी बनाए रखने का आह्वान किया।

सीएम आवास पर भारत-जापान की युवा पीढ़ी का मिलन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, ओरिगेमी उपहार और डोरेमोन का जिक्र

कार्यक्रम के दौरान जापानी विद्यार्थियों ने समूह में जापानी गीत प्रस्तुत किया, जिसके जवाब में भारतीय छात्र ईशान ने ‘कौशल्या दशरथ के नंदन’ राम भजन गाया। लखनऊ की छात्रा अक्षरा पांडेय ने जापानी बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत के बच्चे ‘डोरेमोन’ देखकर बड़े हुए हैं और भारतीय परंपरा में अतिथि भगवान तुल्य होता है।

जापानी छात्र कजामा ने पहली बार विदेश यात्रा और भारत की जीवंत सड़कों का अनुभव साझा किया। जापानी छात्रा मियागी मोतो ने बिंदी लगाने के अपने अनुभव और ताजमहल की सुंदरता की सराहना की। जापानी छात्रों ने शांति और मित्रता के प्रतीक के रूप में मुख्यमंत्री को हाथ से बनाई गई ओरिगेमी कलाकृतियां भेंट कीं।

सीएम योगी ने ली छात्रों के साथ सेल्फी

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी और भारतीय विद्यार्थियों के साथ सेल्फी ली। यह आयोजन केवल आर्थिक साझेदारी तक सीमित न रहकर दो देशों के युवाओं के बीच अटूट रिश्तों, शांति और सहयोग की नींव रखने वाला साबित हुआ।

Also Read: लखनऊ में लॉ छात्र को चौकी में बंद कर पीटने का आरोप, छात्रों ने सड़क पर किया हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.