लखनऊ में लॉ छात्र को चौकी में बंद कर पीटने का आरोप, छात्रों ने सड़क पर किया हंगामा
Lucknow News: लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में लॉ के एक छात्र ने ट्रैफिक पुलिस चौकी में बंद कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्र के मुताबिक, वह साइकिल से लखनऊ विश्वविद्यालय जा रहा था। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास ट्रैफिक पुलिस चौकी पर उसे रोक लिया गया। आरोप है कि चौकी में मौजूद होमगार्ड समेत कुछ लोगों ने उसे अंदर बंद कर पीटा।
घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के कई छात्र मौके पर पहुंच गए। छात्रों ने चौकी के बाहर विरोध किया और सड़क जाम करने की कोशिश की। इससे कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
होमगार्ड समेत तीन लोगों पर आरोप
सीतापुर निवासी गुलशन कुमार लखनऊ विश्वविद्यालय में लॉ सेकंड ईयर के छात्र हैं। गुलशन का आरोप है कि होमगार्ड मिथलेश यादव, राकेश यादव और सिविल ड्रेस में मौजूद एक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की।
छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि एक बुजुर्ग ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। छात्रों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद जानकीपुरम पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बाद में मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर स्थिति शांत कराई। पुलिस की अपील के बाद छात्र सड़क से हट गए और यातायात सामान्य हुआ।
गुलशन कुमार ने जानकीपुरम थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। जांच के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

