लखनऊ में अखिलेश की तस्वीर पर बरसाईं चप्पलें, सनातन रक्षा संगठन भैंस का मुखौटा लगाकर पहुंचे
Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज में शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता भैंस का मुखौटा लगाकर पहुंचे। उन्होंने अखिलेश यादव की प्रतीकात्मक तस्वीर पर चप्पलें बरसाईं और ‘सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ तथा ‘अखिलेश यादव मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर सपा मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। समझाने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

गोमूत्र को लेकर लगाए आरोप
संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि अखिलेश यादव ने गोमूत्र और सनातन धर्म का अपमान किया है। उनका कहना था कि सपा नेता गोमूत्र को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं, जबकि सरकार गोमूत्र खरीदने और गोवंश पालकों को आर्थिक मदद देने की दिशा में काम कर रही है।
संगठन प्रमुख रज्जन पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव अहीर वंश से आते हैं और गौपालन उनकी परंपरा से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद अखिलेश गौपालकों के लिए चल रही योजनाओं का विरोध कर रहे हैं।
सरकार की योजनाओं का दिया हवाला
रज्जन पांडेय ने दावा किया कि गोमूत्र में औषधीय गुण होते हैं और सरकार इसके औद्योगिकीकरण की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने अखिलेश यादव के 2012 से 2017 के मुख्यमंत्री कार्यकाल को लेकर भी राजनीतिक निशाना साधा। संगठन ने कहा कि गौशालाओं और गोमूत्र को लेकर अखिलेश के बयानों का वह विरोध जारी रखेगा।
Also Read: किसान नेताओं की पिटाई मामले में सियासत तेज, डीआईजी को सौंपी गई जांच

