कैमराजीवी ड्रामा’ कर रहे राहुल गांधी, धरने पर भड़के नड्डा, बोले- देश देख रहा सस्ती राजनीति

Rahul Gandhi Protest: राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को ‘सस्ती राजनीति’ और ‘कैमराजीवी ड्रामा’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धरना छात्रों के लिए नहीं, बल्कि वंदे मातरम विवाद से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है।

नड्डा ने सुप्रीम कोर्ट की जांच का दिया हवाला

जेपी नड्डा ने कहा कि 20 जुलाई की घटना का सुप्रीम कोर्ट पहले ही संज्ञान ले चुका है। कोर्ट ने पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय हाई-पावर्ड कमेटी बनाई है। ऐसे में राहुल गांधी पुलिस स्टेशन के बाहर बैठकर क्या साबित करना चाहते हैं? नड्डा ने सवाल किया कि क्या विपक्ष के नेता को न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का धरना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और मीडिया का ध्यान खींचने की कोशिश है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस समय वंदे मातरम को लेकर आलोचना का सामना कर रही है और इसी से ध्यान हटाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया।

रविशंकर प्रसाद ने भी साधा निशाना

बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर ‘अराजकता की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद मार्ग थाने में बिना अनुमति धरना दिया गया, जबकि संबंधित मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज है और जांच चल रही है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी जांच के लिए हाई-पावर्ड कमेटी बनाई है। उन्होंने राहुल गांधी से कानून और न्यायपालिका का सम्मान करने की बात कही। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर छात्रों के भविष्य को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जनता राहुल गांधी की राजनीति का जवाब मांग रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.