पूर्व IPS आदित्य प्रकाश वर्मा ने छोड़ी चंद्रशेखर आजाद की पार्टी, हाथरस सीट प्रभारी पद से दिया इस्तीफा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी- कांशीराम (ASP) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। महज 20 दिन पहले (31 जुलाई को) ही पार्टी अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया था। प्रभारी बनाए जाने के कारण उन्हें हाथरस सीट से एएसपी का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था।
चंद्रशेखर आजाद को भेजा त्यागपत्र
आदित्य प्रकाश वर्मा ने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को भेज दिया है। अपने आधिकारिक त्यागपत्र में वर्मा ने लिखा- “सविनय निवेदन है कि मैं आदित्य प्रकाश वर्मा, व्यक्तिगत कारणों से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत कर रहा हूं। अतः कृपया मेरा त्यागपत्र स्वीकार करने की कृपा करें।”
रिटायरमेंट के बाद सामाजिक क्षेत्र में थे सक्रिय
यूपी कैडर के 2013 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा जून 2025 में सेवानिवृत्त (Retire) हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से ही वे हाथरस क्षेत्र में सामाजिक कार्यों और जनसेवा में सक्रिय थे। वर्मा ने विधानसभा प्रभारी बनाए जाने से लगभग दो महीने पहले ही चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी में आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनके प्रशासनिक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिलने का अनुमान लगाया जा रहा था, हालांकि अचानक दिए गए इस इस्तीफे से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
Also Read: Banda News: मानव तस्करी का पर्दाफाश, बेची गई महिला का पुलिस ने किया रेस्क्यू, 4 आरोपी गिरफ्तार

