‘48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल के बाहर दूंगा धरना’, CJP टीम पर हमले के बाद अभिजीत दीपके का ऐलान

CJP Team Attack: जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम के साथ कथित मारपीट और झड़प का मामला बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

दीपके ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर कथित हमलावरों पर कार्रवाई नहीं हुई और स्कूल की व्यवस्था सुधारने का काम शुरू नहीं हुआ, तो वह खुद जयपुर पहुंचकर स्कूल के बाहर धरना देंगे। उन्होंने समर्थकों से भी जयपुर पहुंचने की अपील की।

CJP ने लगाए गंभीर आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) ने आरोप लगाया कि रामपुरा कंवरपुरा गांव में टीम के पहुंचने से पहले ही विरोध की तैयारी कर ली गई थी। उनके मुताबिक, टीम को गांव में प्रवेश करने से रोकने के साथ कथित तौर पर मारपीट, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

CJP का दावा है कि सरकारी प्राथमिक स्कूल लंबे समय से जर्जर पशु शेड में संचालित हो रहा है और बच्चों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Abhijeet Deepke ने राजस्थान सरकार के उस सर्कुलर को वापस लेने की भी मांग की है, जिसमें सरकारी स्कूलों में बिना अनुमति प्रवेश और फोटो-वीडियो बनाने पर रोक लगाई गई है। उनका कहना है कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने से किसी को नहीं रोका जाना चाहिए।

ग्रामीणों और पुलिस का क्या कहना है?

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वे स्कूल की मरम्मत के लिए खुद तैयार हैं और सरकार की ओर से करीब 12.5 लाख रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। उन्होंने बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश को लेकर भी आपत्ति जताई।

शिवदासपुरा थाना प्रभारी धर्म सिंह के मुताबिक, अभी तक किसी के साथ मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने इसे ग्रामीणों और CJP कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प बताया। पुलिस के अनुसार अभी किसी पक्ष की शिकायत नहीं मिली है और इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

दीपके (Abhijeet Deepke) ने साफ कहा है कि कार्रवाई नहीं होने पर वह खुद स्कूल के बाहर धरना देंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को बड़े स्तर तक ले जाया जाएगा।

Also Read: जयपुर में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में मारपीट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.