Amethi News: मट्टन नाला उफान पर, सैकड़ों गांवों की फसलें जलमग्न, बर्बादी की आशंका से किसान चिंतित
Amethi News: क्षेत्र में चार-पांच दिनों की रुक-रुककर हुई तेज बारिश के बाद मट्टन नाला उफान पर है।
नाले का जलस्तर बढ़ने से इसके किनारे बसे सैकड़ों गांवों के किसानों के खेत जलमग्न हो गए हैं। फसलें लंबे समय तक पानी में डूबी रहने से किसानों को इनके बर्बाद होने की चिंता सता रही है।
तिलोई तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाले मट्टन नाले के किनारे बसे सराय महेशा, मुबारकपुर मुखेतिया, ओदारी, वादेराय, बहादुरपुर, बघेल, खरौली, मवई आलमपुर और नकदैयापुर समेत कई गांवों के खेतों में पानी भर गया है।
किसानों का कहना है कि नाले का जलस्तर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा है और मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना के बीच उनकी चिंता और बढ़ गई है।
क्षेत्रीय किसान राम सिंह, प्रदीप कुमार उर्फ मुन्ना सिंह, राम सजीवन, हरिभान सिंह और पंकज कुमार समेत अन्य किसानों ने बताया कि नाले में बाढ़ आने से हर साल फसलों को नुकसान पहुंचता है।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
नहरों का पानी छोड़े जाने की आशंका
मट्टन नाले में बिना लगातार बारिश के बढ़ते जलस्तर को लेकर किसानों ने बाहरी नहरों का पानी छोड़े जाने की आशंका जताई है।
किसानों का कहना है कि इस सीजन में चार-पांच दिनों की तेज बारिश के अलावा बीच-बीच में सामान्य बारिश हुई है।
इसके बावजूद नाले में जिस तरह पानी बढ़ रहा है, उससे उन्हें नहरों का पानी छोड़े जाने का संदेह है।
किसानों के मुताबिक, आसपास के ऊंचाई वाले खेतों में अभी जलभराव नहीं है, जबकि मट्टन नाले के आसपास के खेत पानी में डूबे हुए हैं।
किसानों ने प्रशासन से नाले में बढ़ते जलस्तर के कारणों की जांच कराने और जलभराव से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है।

