वाराणसी में गंगा चेतावनी बिंदु के करीब, खेतों में घुसा बाढ़ का पानी, पलायन शुरू

Varanasi News: वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार रात 10 बजे राजघाट गेज पर नदी का पानी 69.04 मीटर दर्ज किया गया। चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था।

बढ़ते पानी का असर घाटों और तटवर्ती इलाकों में दिखने लगा है। अस्सी घाट पर सुबह-ए-बनारस का मंच पानी में डूब गया है। दशाश्वमेध घाट पर जल पुलिस चौकी की दहलीज तक पानी पहुंच चुका है। एनडीआरएफ और जल पुलिस लोगों को सुरक्षित स्नान की सलाह दे रही हैं।

सलारपुर के निचले इलाकों में पानी, परिवारों ने छोड़े घर

वरुणा किनारे सलारपुर नाला, चमेलिया बस्ती और डिपो कॉलोनी के निचले हिस्सों में घरों में पानी घुस गया है। कुछ परिवार ऊंचाई वाले मकानों में किराए पर चले गए हैं, जबकि कुछ ने सामान पहली मंजिल पर रखकर रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। पुरानापुल की छोटी मस्जिद इलाके में करीब आधा दर्जन घर पानी से घिर गए हैं।

सब्जियों की फसल डूबी, किसानों की बढ़ी चिंता

चिरईगांव के ढाब क्षेत्र में बाढ़ का पानी खेतों तक पहुंच गया है। मोकलपुर में लालबिहारी और श्यामबिहारी की दो बीघा से अधिक जमीन में लगी नेनुआ, करैला और कुनरु की फसल डूब गई। रामचन्दीपुर नखवा में परसू यादव की सवा बीघा हरी मिर्च की नर्सरी भी पानी की चपेट में है। पिसौर और दनियालपुर में भी किसान फसल बर्बाद होने से चिंतित हैं।

बीडीओ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिया सैनी ने बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर सफाई, फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के निर्देश दिए। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना कम है।

Also Read: मोबाइल को लेकर विवाद के बाद पहाड़ी पर पहुंचा युवक, बचाने में गिरे पिता, मां ने भी लगाई छलांग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.