गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान जमीन से टकराया इंडिगो का विमान, बाल-बाल बचे यात्री
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक विमान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। गत 19 अगस्त को इंडिगो की एक फ्लाइट जब लैंड कर रही थी, तभी उसका पिछला हिस्सा (Tail) अचानक जमीन से टकरा गया। हालांकि, पायलट की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार सभी यात्रियों व क्रू-मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से स्पर्श कर गया। खतरे को भांपते ही पायलट ने तुरंत लैंडिंग रोक दी और विमान को हवा में वापस घुमाते हुए गो-अराउंड कराया। एयरपोर्ट के चक्कर लगाने के बाद पायलट ने बेहद सावधानीपूर्वक विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस पूरी घटना के दौरान विमान में सवार यात्री सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई।
APU इनलेट के पास मिले खरोंच के निशान
विमान की लैंडिंग के तुरंत बाद इस घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी गई। इसके बाद DGCA की एक विशेष जांच टीम ने गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचकर विमान का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान विमान के ऑक्सिलरी पावर यूनिट (APU) इनलेट के पास खरोंच के गंभीर निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान की आगे की सभी उड़ानों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई और उसे ग्राउंडेड कर दिया गया।
फिलहाल गोरखपुर एयरपोर्ट पर ही विमान की जरूरी मरम्मत का काम किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत पूरी होने के बाद विमान की सभी तकनीकी और सुरक्षा जांचें दोबारा की जाएंगी। DGCA और तकनीकी टीम से ऑल ओके (All OK) की एनओसी और मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा यात्री सेवाओं के लिए उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
Also Read: Pakistan vs England: पाकिस्तान ने बनाया शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा

