Varanasi News: श्रेया की मौत का पोस्टमार्टम से खुलासा, ज्यादा खून बहने से गई जान, कमरे में सड़ा मिला था शव

Varanasi News: वाराणसी के बच्छाव पश्चिमपुरा में किराए के कमरे में मृत मिली 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम खुलासा हुआ है। डॉक्टरों के पैनल के मुताबिक, ज्यादा खून बहने यानी रक्तस्राव से उसकी मौत हुई। श्रेया के गले और पेट पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। आशंका है कि बचने की कोशिश के दौरान उसके पेट पर चोट लगी होगी।

गुरुवार शाम स्त्री रोग विशेषज्ञ समेत तीन डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। शव काफी खराब हो चुका था, इसलिए मुंह दबाने की पुष्टि नहीं हो सकी। मौत करीब 60 घंटे पहले होने की बात रिपोर्ट में सामने आई है। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए निजी अंगों के सैंपल प्रयागराज की लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट करीब एक सप्ताह में आने की उम्मीद है।

विवेक पर साजिश और ब्लैकमेल का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विवेक चौबे ने बच्छाव में ही अपना मोबाइल बंद कर दिया था। आरोप है कि उसने पहले से हत्या की योजना बनाई और श्रेया को बाइक से अपने किराए के कमरे तक ले गया।

परिजनों का आरोप है कि विवेक ने श्रेया की एडिट की गई तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल किया। वह दूसरी जगह शादी करने पर तस्वीर वायरल करने की धमकी देता था। परिवार ने प्रेम संबंध से इनकार किया है। उनका कहना है कि आरोपी संपत्ति के लिए शादी करना चाहता था।

पुलिस को अब भी आरोपी की तलाश

श्रेया का अंतिम संस्कार गुरुवार रात अदलपुरा के चितेश्वरनाथ घाट पर हुआ। पिता सुनील उपाध्याय ने मुखाग्नि दी। शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल ने परिवार से मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और फांसी की मांग की।

पुलिस और एसओजी की टीमें विवेक की तलाश में रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही हैं। रेलवे स्टेशनों के CCTV भी खंगाले जा रहे हैं। घटना वाले मकान के पांचों कैमरे बंद मिले, जबकि आसपास के कई कैमरे भी खराब हैं।

Also Read: कन्नौज में कांवड़ियों को रोकने पर बवाल, ADM ने मांगी माफी, कोतवाल ने दिया इस्तीफा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.