लखनऊ में Gen-Z के समर्थन में NSUI का प्रदर्शन, अमित शाह के इस्तीफे की उठाई मांग

Lucknow News: लखनऊ में शनिवार को Gen-Z छात्रों के समर्थन में NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए राजभवन का घेराव करने निकले थे। परिवर्तन चौक से विधानसभा होते हुए राजभवन तक करीब दो किलोमीटर से ज्यादा मार्च की तैयारी थी।

कार्यकर्ता परिवर्तन स्थल से करीब 300 मीटर आगे बाबू केडी सिंह स्टेडियम के पास पहुंचे ही थे कि पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एक-एक कर वाहनों में बैठाया और इको गार्डन भेज दिया। वहीं प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों की नेमप्लेट भी नहीं लगी थी।

जंतर-मंतर की कार्रवाई का विरोध

NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि जंतर-मंतर पर Gen-Z छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर युवाओं में नाराजगी है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने किया।

प्रदर्शन में कांग्रेस यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगीड़ और अब्दुल हन्नान भी शामिल हुए। सांसद राकेश राठौर और पूर्व MLC दीपक सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने सभी को इको गार्डन भेज दिया।

डेढ़ घंटे पहले तैनात हुई पुलिस

प्रदर्शन शुरू होने से करीब डेढ़ घंटे पहले सुबह 11:30 बजे ही परिवर्तन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पूर्व MLC दीपक सिंह ने कहा कि जब तक गृहमंत्री अमित शाह इस्तीफा नहीं देते, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने तंज किया कि प्रदर्शन रोकने के लिए जितनी पुलिस लगाई गई, उतनी मेहनत पेपर लीक रोकने में की जाती तो आंदोलन की नौबत नहीं आती।

Also Read: सपा नहीं तोड़ती गठबंधन, लोग छोड़ते हैं, मायावती के आरोपों पर अखिलेश का जवाब 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.