सपा नहीं तोड़ती गठबंधन, लोग छोड़ते हैं, मायावती के आरोपों पर अखिलेश का जवाब

Akhilesh Yadav: लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख मायावती के हमलों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन पूरी ईमानदारी और मजबूती से निभाती है। सपा गठबंधन तोड़ने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि कई बार सहयोगी खुद पार्टी से अलग होकर चले जाते हैं।

अखिलेश यादव ने ये बातें अपने पिता मुलायम सिंह यादव के गुरु उदय प्रताप सिंह की पुस्तक ‘अभिनंदन ग्रंथ’ के विमोचन कार्यक्रम में कहीं। मायावती के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सच बोलना भी मुश्किल हो गया है और सच बोलने वालों को गलत माना जाता है।

जयंत चौधरी को लेकर BJP पर निशाना

अखिलेश ने बीजेपी और उसके सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा। आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी को अपने सहयोगियों को ज्यादा से ज्यादा सीटें देनी चाहिए। उन्होंने तंज किया कि अगर किसी सहयोगी को 30 सीट देने की बात है तो उसे चार गुना यानी 120 सीटें दी जानी चाहिए। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने इसे संबंधित समाज और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का अपमान बताया।

मायावती ने गेस्ट हाउस कांड का किया था जिक्र

दरअसल, अखिलेश के ‘चवन्नी से रुपया बनाने’ वाले बयान पर मायावती ने एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इसे आरएलडी और जयंत चौधरी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी बताया और अखिलेश से जयंत, उनके परिवार और जाट समाज से माफी मांगने को कहा था।

मायावती ने 1993 के सपा-बसपा गठबंधन और 2 जून 1995 के लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का सहयोगियों के प्रति रवैया भरोसेमंद नहीं रहा है और इसी वजह से बाद के गठबंधन भी टूटे।

Also Read: Bareilly News: पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह, 5 चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.