लखनऊ में संजय सिंह ने शुरू किया ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान, हेल्पलाइन नंबर किया जारी
Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करते हुए हेल्पलाइन नंबर 8382928009 जारी किया। संजय सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के खराब स्कूल, जलभराव, टूटी सड़क और मिड-डे मील की स्थिति का वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेजें।
प्रेस वार्ता में उन्होंने यूपी के अलग-अलग जिलों के 55 सरकारी स्कूलों के वीडियो दिखाए। संजय सिंह ने दावा किया कि वाराणसी, गोरखपुर, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और महोबा समेत कई जगह स्कूलों की छतें टपक रही हैं। कहीं शौचालय खराब हैं तो कहीं बच्चों के लिए डेस्क-बेंच तक नहीं हैं।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ पर सवाल
संजय सिंह ने कहा कि सरकार ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के जरिए स्कूलों की तस्वीर बदलने का दावा करती है, लेकिन जमीन पर स्थिति अलग है। उन्होंने नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में भी स्कूलों की खराब हालत का सवाल उठाया।
उन्होंने भाजपा पर शिक्षा के बजाय जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा, “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया।” उन्होंने दावा किया कि स्कूलों की स्थिति दिखाने से रोकना सरकार की विफलता और कथित भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश है।
यूपी में बदहाल स्कूलों की प्रदर्शनी का ऐलान
स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक संबंधी आदेश को संजय सिंह ने ‘तुगलकी फरमान’ बताया। उन्होंने कहा कि ये स्कूल जनता के टैक्स से बने हैं और लोगों को उनकी स्थिति जानने का अधिकार है।
उन्होंने ऐलान किया कि AAP आगे भी अलग-अलग जिलों के स्कूलों की स्थिति सामने लाएगी और पूरे प्रदेश में बदहाल स्कूलों की प्रदर्शनी लगाएगी। उन्होंने जनता से 8382928009 पर व्हाट्सऐप या फोन के जरिए शिकायत और वीडियो भेजने की अपील की।
Also Read: लखनऊ में 243 भैंसों की नीलामी करेगा नगर निगम, 20,500 से शुरू होगी बोली

