बस्ती में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की पिता की हत्या, हंसिया से गर्दन-सीने पर किए वार

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 17 साल की नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर अपने 21 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पिता ने दोनों को खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उन्होंने बेटी को डांटा और युवक का विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई हो गई।

हंसिया से गर्दन और सीने पर किए वार

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे छावनी थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान रमवापुर गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद युवक ने कृष्णा को पकड़ लिया और नाबालिग ने उसके साथ मिलकर हंसिया से पिता की गर्दन, सीने और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।

परिजनों के मुताबिक, कृष्णा मजदूरी करके परिवार चलाते थे। उनकी पत्नी की मौत बेटी के जन्म के बाद हो गई थी। शुक्रवार सुबह उनकी छोटी बेटी मवेशी चराने निकली थी। दोपहर तक घर नहीं लौटी तो कृष्णा उसे तलाशते हुए खेतों की तरफ गए थे।

पूछताछ में सामने आई हत्या की बात

कृष्णा के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने बेटी से पूछताछ की। पहले उसने जानकारी होने से इनकार किया। बाद में कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या की बात बताई और शव गांव से करीब 500 मीटर दूर बभरौली गांव में नहर किनारे होने की जानकारी दी।

सूचना पर एसओ जीवन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.