अभिजीत दिपके पर FIR, सरकारी स्कूल में घुसकर वीडियो बनाने और टीचरों को धमकाने का आरोप

FIR on Abhijeet Dipke: महाराष्ट्र के लातूर जिले में कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दिपके की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने उनके और अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने, सरकारी काम में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकाने के आरोप में FIR दर्ज की है।

मामला औसा के पास जावली स्थित जिला परिषद उर्दू स्कूल का है। यह कार्रवाई स्कूल की 53 वर्षीय शिक्षिका सैयद शमशादबानो खैरात अली की शिकायत पर औसा पुलिस स्टेशन में की गई है। Abhijeet Dipke इन दिनों CJP के ‘स्कूल ठीक करो’ (School Thik Karo) अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उनकी समस्याओं को सामने ला रहे हैं।

स्कूल में घुसकर छात्रों से सवाल पूछने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, दिपके और उनके सहयोगी कथित तौर पर बिना अनुमति स्कूल परिसर में पहुंचे और छात्रों के बीच बैठकर उनसे सवाल-जवाब किए। आरोप है कि इस दौरान स्कूल की पढ़ाई और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंची।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूरी गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई और बाद में उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।

शिक्षकों को धमकाने का भी आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि दिपके (Abhijeet Dipke) ने स्कूल को बदनाम करने के लिए यह दावा किया कि उनके दौरे के दौरान दूसरे स्कूल के छात्रों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था। इसके अलावा शिक्षकों को निलंबित करवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 329(3), 351(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

Also Read: बिहार के बेतिया में आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को अनियंत्रित बस ने रौंदा, 5 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.