ओपी राजभर का सपा पर तीखा हमला, आने वाले दिनों में पाकिस्तान भाग जाएंगे अखिलेश यादव
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा व तीखा हमला बोला है। सपा के पीडीए फार्मूले और राजनीतिक बयानों पर तंज कसते हुए राजभर ने दावा किया कि आने वाले समय में अखिलेश यादव पाकिस्तान भाग जाएंगे। एक समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख हमेशा समाज में नफरत फैलाने वाली भाषा का प्रयोग करते हैं और जनहित के वास्तविक मुद्दों से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
शिक्षा, स्वास्थ्य व आरक्षण पर नहीं करते बात
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव न तो शिक्षा के स्तर में सुधार पर बात कर रहे हैं, न ही पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण के उचित बंटवारे पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख का स्वास्थ्य सेवाओं, शांति और सामाजिक सौहार्द से कोई वास्ता नहीं रह गया है। राजभर ने दावा किया कि जनता अब उनकी इस राजनीति को समझ चुकी है और लगातार मिल रही असफलता के कारण वे आने वाले दिनों में देश छोड़कर चले जाएंगे।
देश में आरक्षण को लेकर उठ रहे सवालों और विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी आरक्षण का पूरी तरह समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाना था। उन्होंने रेखांकित किया कि संविधान के तहत सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत, पिछड़ों को 27 प्रतिशत और अनुसूचित जाति/जनजाति को 22.5 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में चीनी की बढ़ती कीमतों पर बोलते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर व्यक्ति और व्यापारी को कानून के दायरे में रहकर काम करना होगा, और सीमा पार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होना तय है।
Also Read: IND vs SL: प्रदर्शन नहीं, इस वजह से बाहर हुए कुलदीप यादव, कोलंबो टेस्ट में सारांश जैन का डेब्यू

