लखनऊ में आरक्षण व UGC नीतियों के खिलाफ सवर्ण मोर्चा ने किया प्रदर्शन, पुलिस के साथ तीखी बहस
Lucknow News: आरक्षण और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नीतियों को लेकर सियासत और विरोध का दौर तेज होता जा रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और यूजीसी के नए नियमों के विरोध में रविवार को राजधानी लखनऊ में सवर्ण मोर्चा ने बड़ा प्रदर्शन किया। गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने ‘संवैधानिक अछूत’ लिखी तख्तियां हाथों में लहराते हुए व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यूजीसी की नीतियों को वापस लेने की मांग की।
समता मूलक चौराहे पर पुलिस ने रोका, हुई तीखी नोकझोंक
सवर्ण मोर्चा के अध्यक्ष संदीप सिंह के नेतृत्व में निकले इस विरोध मार्च को पुलिस ने समता मूलक चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी बहस और झड़प देखने को मिली। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी।
समान शिक्षा, समान अधिकार का दिया नारा
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने देश में समान शिक्षा और समान अधिकार लागू करने पर जोर दिया। मोर्चा के अध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि आरक्षण नीतियों में व्यावहारिक बदलाव की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि मौजूदा नीतियां मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।
सवर्ण समाज के नेताओं को दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सत्ता और विपक्ष में बैठे सवर्ण समाज के जनप्रतिनिधियों पर भी फूटा। कार्यकर्ताओं ने सांसदों और विधायकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की अनदेखी पर वे खामोश नहीं बैठेंगे। नेताओं का कहना था कि यूजीसी के काले कानूनों के खिलाफ यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और इस तरह की नीतियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

