Bareilly News: भोजीपुरा पुलिस ने 382 ग्राम अफीम के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना भोजीपुरा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान 382 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की देर रात थाना भोजीपुरा की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान अटा मांडा तिराहे के पास पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि कमुआ मकरूका पुलिया के समीप मंदिर के बगल से रसमसपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर किसी ग्राहक के इंतजार में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान की घेराबंदी की। रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने मौके से अभियुक्त फारुक उर्फ गंठा (निवासी ग्राम घुर समसपुर, थाना भोजीपुरा) को गिरफ्तार कर लिया। अमली जामा पहनाते हुए जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 382 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
गोलियां बनाकर राहगीरों को बेचता था अफीम
पूछताछ के दौरान आरोपी फारुक उर्फ गंठा ने पुलिस को बताया कि उसने यह अफीम एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से खरीदी थी। वह इस अफीम की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर आने-जाने वाले लोगों को बेचता था और उससे मिलने वाले पैसे से अपने घर का खर्च चलाता था। आरोपी ने अपनी सफाई अदालत में अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करने की बात कही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में आरक्षण व UGC नीतियों के खिलाफ सवर्ण मोर्चा ने किया प्रदर्शन, पुलिस के साथ तीखी बहस

