Bareilly News: किशोर को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली जिले के थाना आंवला पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 5 अगस्त 2026 को ग्राम मऊचंदपुर निवासी नन्ही देवी ने अपने 18 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार की फांसी लगाकर हत्या किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

फॉरेंसिक और साक्ष्यों के आधार पर बदला मामला

मामले की गहराई से विवेचना, स्वतंत्र गवाहों के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन के बाद पुलिस को हत्या के साक्ष्य नहीं मिले। जांच में स्पष्ट हुआ कि मृतक ने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर से हत्या की धारा 103(1) हटाकर आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी BNS की धारा 108 और 3(5) की बढ़ोतरी की।

मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी आंवला पुलिस ने 23 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे मुख्य आरोपी बब्लू पाली उर्फ मनोज (34 वर्ष) को उसके मऊचंदपुर स्थित मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

किशोरी से बातचीत को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक दिनेश उसकी 14 वर्षीय पुत्री से बातचीत करता था। इस बात का विरोध करने पर पूर्व में दोनों परिवारों के बीच कहासुनी भी हुई थी। घटना की रात दिनेश ने फोन कर आत्महत्या करने की बात कही, जिस पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसे अपशब्द कहे थे। अगले दिन दिनेश का शव पेड़ से लटका मिला। आरोपी ने बताया कि वह अपनी सफाई न्यायालय में वकील के जरिए पेश करेगा।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: ‘द कपिल शर्मा शो’ फेम राजीव ठाकुर पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता के निधन से सदमे में परिवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.