कानपुर में IBPS परीक्षा का फर्जीवाड़ा, PWD अभ्यर्थियों को नकल कराने वाले 4 गिरफ्तार

Kanpur News: उत्तर प्रदेश STF ने कानपुर नगर में IBPS की ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। STF ने 23 अगस्त को सचेंडी थाना क्षेत्र के ION Digital Zone IDZ भैला मऊ परीक्षा केंद्र से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये लोग दिव्यांग (PWD) श्रेणी के अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से स्क्राइबर बनकर परीक्षा पास कराने में मदद कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश यादव, आशीष कुमार महतो, राहुल कुमार सिन्हा और अंकित सचान के रूप में हुई है। इनके पास से पांच मोबाइल फोन, चार आधार कार्ड, एक आईपैड, तीन पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, दो बैंक ATM कार्ड, एक वाहन और 2,750 रुपये नकद बरामद हुए हैं। फर्जी और कूटरचित दस्तावेज भी मिले हैं।

दिल्ली-बिहार से आए थे सॉल्वर

STF के मुताबिक, 22 अगस्त की अंतिम पाली में दिल्ली और बिहार से आए पेशेवर सॉल्वर PWD श्रेणी के अभ्यर्थियों की जगह स्क्राइबर बनकर परीक्षा में शामिल हुए थे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और परीक्षा केंद्र के अधिकारियों को अलर्ट किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

झांसी का मास्टरमाइंड, आगे भी जांच जारी

पूछताछ में गिरोह के सरगना के रूप में मनीष कुमार मिश्रा निवासी झांसी का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्य परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पेपर हल कराने के लिए सॉल्वर और रकम उपलब्ध कराते थे। 22 अगस्त की IBPS PO परीक्षा में भी इस गिरोह द्वारा अवैध तरीके से पेपर हल कराने की बात सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

चारों आरोपियों के खिलाफ सचेंडी थाने में BNS और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।

Also Read: राहुल गांधी के साथ सेल्फी के दौरान छात्रा ने किया Kiss, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.