लखनऊ में भैंसों की नीलामी पर हंगामा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का प्रदर्शन, जुर्माना लेकर छोड़ने की मांग
Lucknow News: लखनऊ में पारा क्षेत्र से पकड़ी गई भैंसों की नीलामी को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर सोमवार को हंगामा हो गया। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं और पशुपालकों ने नीलामी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। अनीस राजा के नेतृत्व में जुटे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और नीलामी तत्काल रोकने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भैंसों को नीलाम करने के बजाय पशुपालकों से जुर्माना लेकर उन्हें छोड़ दिया जाए। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी मुख्यालय के बाहर डटे रहे। मौके पर स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
त्रिलोकीनाथ हॉल में चल रही नीलामी
एक तरफ नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन चल रहा है, वहीं दूसरी ओर त्रिलोकीनाथ हॉल में भैंसों की नीलामी की कार्रवाई जारी है। नीलामी में भैंसों की बेस प्राइस 21 हजार रुपये रखी गई है। प्रदर्शनकारी लगातार नीलामी रोकने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान नगर आयुक्त और मेयर के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं और पशुपालकों का कहना है कि जब्त किए गए पशुओं को नीलाम करने के बजाय संबंधित पशुपालकों से निर्धारित जुर्माना वसूलकर उन्हें वापस किया जाना चाहिए।
अवैध डेयरियों पर कार्रवाई के बाद जब्त हुई थीं भैंसें
पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई के दौरान कई भैंसों को जब्त किया गया था। अब इन्हीं भैंसों की नीलामी को लेकर विरोध शुरू हो गया है।
फिलहाल नगर निगम की ओर से नीलामी प्रक्रिया जारी है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। मौके पर पुलिस की मौजूदगी में नीलामी और विरोध प्रदर्शन दोनों चल रहे हैं।

