मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, घरों में आगजनी के बीच CRPF जवान को लगी गोली
Manipur News: मणिपुर के सेनापति और कांगपोकपी जिलों की सीमा से लगे इलाकों में एक बार फिर हिंसा भड़क गई। ताफू कुकी इलाके में तड़के करीब 2:40 बजे एक घर में आग लगा दी गई। दमकल की टीम करीब 3:30 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक कुछ लोगों ने राहत कार्य में बाधा डालने की कोशिश की।
इसके बाद 9MR और मरैमई के आसपास नगा समुदाय के घरों को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। पोमई नगा समुदाय के लाई और फूबा गांव में कई मकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई।
गोलीबारी में CRPF जवान घायल
सुबह करीब 9:20 बजे जले और क्षतिग्रस्त मकानों की कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों के आसपास अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इसी दौरान CRPF की 36वीं बटालियन के 54 वर्षीय जवान को गोली लग गई। उन्हें सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में जवान ने बताया कि गोली किस दिशा से चली, यह स्पष्ट नहीं है। उनके मुताबिक दोनों तरफ से लगातार फायरिंग हो रही थी।
NH-2 जाम, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद ताफू कुकी विलेज अथॉरिटी ने आगजनी और तोड़फोड़ की निंदा की। संगठन ने इसे अमानवीय और अस्वीकार्य बताते हुए आरोपियों को 24 घंटे में जिम्मेदारी स्वीकार करने और कुकी कस्टमरी लॉ के तहत मामला सुलझाने की चेतावनी दी। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
तनाव के विरोध में नगा संगठनों ने इंफाल-दिमापुर NH-2 को कई जगह जाम कर दिया। इससे मणिपुर-नागालैंड सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। ताफू और सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त पुलिस व सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

