रायबरेली में तालाब आवंटन के नाम पर किसान से वसूले 24 हजार, 5 साल बाद भी नहीं मिला पैसा

Raebareli News: रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के कुर्मी का पुरवा मजरे बिरनावा निवासी विवेक कुमार ने तालाब आवंटन के नाम पर पैसे जमा कराने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने की शिकायत की है। विवेक का कहना है कि उसने वर्ष 2021 में मछली पालन के लिए तालाब आवंटन को आवेदन किया था। इसके बाद तहसील स्तर पर उससे तीन किस्तों में कुल 24 हजार रुपये जमा कराए गए।

पीड़ित के मुताबिक, 16 जुलाई 2021 को 5 हजार, 31 अगस्त को 7 हजार और 9 सितंबर को 12 हजार रुपये रसीद के जरिए जमा कराए गए थे। करीब पांच साल बीतने के बाद भी न तो उसे तालाब आवंटित हुआ और न ही जमा रकम वापस मिली।

तहसील से डीएम तक लगाई गुहार

विवेक का कहना है कि उसने सलोन तहसील में कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद वह जिलाधिकारी के पास भी पहुंचा। डीएम की ओर से तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया गया, लेकिन किसान के अनुसार उसे अब तक राहत नहीं मिली।

पीड़ित ने अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर 24 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

अधिकारी बोले- रिकॉर्ड देखकर ही बता पाएंगे

मामले पर संबंधित अधिकारी ने कहा कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामला वर्ष 2021 का है, जो उनके कार्यकाल का भी नहीं है। फाइल देखने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है। अधिकारी ने यह भी बताया कि कुछ लोगों के तालाब पट्टे नहीं हो सके थे और उनका पैसा वापस कराया गया है।

Also Read: एटा कलेक्ट्रेट के बाहर महिला ने खाया जहर, बाबू पर पैसे-गहने हड़पने का लगाया आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.