मछली भोज पर LIVE डिबेट में बवाल, संत राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता पर कर दी गालियों की बौछार
Ayodhya News: अयोध्या में मछली भोज (Fish Feast) को लेकर शुरू हुआ विवाद अब टीवी डिबेट तक पहुंच गया है। दूरदर्शन की LIVE बहस के दौरान हनुमानगढ़ी के संत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि राजू दास ने LIVE कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी दे दी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कांग्रेस की ओर से राजू दास के खिलाफ शिकायत और केस दर्ज कराने की तैयारी की बात कही जा रही है। विवाद के बीच अयोध्या के थाने में भी मछली भोज से धार्मिक भावनाएं आहत होने को लेकर तहरीर दी गई है।
‘चुप’ कहने पर भड़के राजू दास, LIVE शो में बिगड़ा माहौल
दूरदर्शन की बहस में कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद अजय राय के अयोध्या कार्यक्रम और मछली भोज का बचाव कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम निषाद समाज का था और मछली खाना संविधान के किसी प्रावधान के तहत अपराध नहीं है।
बहस के दौरान निषाद ने राजू दास पर निशाना साधते हुए भाजपा नेताओं के नॉनवेज खाने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सावन में मछली खाने पर सवाल उठाया जा रहा है, जबकि दूसरे नेताओं के नॉनवेज खाने पर आवाज नहीं उठती।
इसी दौरान कांग्रेस प्रवक्ता ने राजू दास को बीच में बोलने से रोकते हुए ‘चुप’ रहने को कहा। इसके बाद बहस अचानक गरमा गई। राजू दास ने जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी दी और गाली-गलौज पर उतर आए। LIVE प्रसारण के दौरान भाषा बिगड़ने पर महिला एंकर ने दोनों को शांत कराने और बहस की मर्यादा बनाए रखने की कोशिश की।
मछली भोज से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, अयोध्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मछली पकाए जाने के वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ था। कार्यक्रम में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। हनुमानगढ़ी के पास आयोजित कार्यक्रम में मछली बनाए जाने को लेकर साधु-संतों ने विरोध जताया और इसे सावन के महीने में धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया।
इसके बाद सोमवार को रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मुद्दे पर अजय राय पर निशाना साधा। योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं और फिर बाहर जाकर मछली की दावत में शामिल होते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरा आचरण करने का आरोप लगाया।
Also Read: अलीगढ़ में बनेगा मायावती का मंदिर! शुरू हुई तैयारी, बस अनुमति का इंतजार

